राहुल गांधी आज से दो दिन के लिए छत्तीसगढ़ में.. कोंडागांव, कांकेर, कवर्धा और राजनांदगांव जिले में करेगे चुनावी सभा.. सीएम भूपेश के नामांकन में आयेंगी प्रियंका..

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी आज शनिवार को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे कोंडागांव, कांकेर कवर्धा और राजनांदगांव जिले में आयोजित पार्टी की जनसभाओं में शामिल होंगे। यहां पर वो कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार भी करेंगे। इस साल में ये राहुल का चौथा छत्तीसगढ़ दौरा है।
राहुल इन जनसभाओं में नई चुनावी घोषणाएं कर सकते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल होंगी।

4 सीटों पर राहुल की जनसभाएं
राहुल गांधी पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। शनिवार को वे बस्तर संभाग में रहेंगे। इस दौरान वो कोंडागांव के फरसगांव और कांकेर के भानुप्रतापपुर में सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, अगले दिन यानी रविवार 29 अक्टूबर को राहुल गांधी कवर्धा और राजनांदगांव में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
राहुल कर सकते हैं ये चुनावी घोषणाएं
संभावना है कि राहुल गांधी राजनांदगांव की सभा में नई चुनावी घोषणाएं भी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी पेट्रोल-डीजल पर अपने हिस्से का टैक्स और रसोई गैस की कीमत कम करने का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा की रकम बढ़ाने और महिलाओं को हर साल नगद रकम देने का वादा भी कांग्रेस कर सकती है।

प्रियंका ने किया है आवास का वादा
प्रियंका गांधी ने कांकेर में पंचायती राज सम्मेलन के दौरान 10 लाख लोगों को आवास देने की घोषणा की थी। प्रियंका ने कहा था- पांच साल और इस सरकार को मौका दीजिए । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार फिर से आएगी तो 10 लाख आवास गरीबों को दिए जाएंगे। यहां इतना विकास हो रहा कि यहां से लोगों को कहीं नहीं जाना पड़ेगा, लोग यहां आएंगे।
कांग्रेस ने अब तक की हैं 4 घोषणाएं
कांग्रेस पार्टी ने अब तक कुल 4 प्रमुख घोषणाएं की है। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने के बाद जातिगत जनगणना कराई जाएगी, MSP पर इस बार 20 क्विंटल धान प्रति एकड़ की दर से खरीदा जाएगा, साढ़े 17 लाख लोगों को आवास दिए जाएंगे और 2018 की तर्ज पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।