छोड़कर सामग्री पर जाएँ

केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट: 34 से ज्यादा लोगो की मौत! बढ़ सकता है आंकड़ा

हैदराबाद : तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार को एक भयावह हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। पशामैलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केमिकल फैक्ट्री Sigachi Industries में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 34 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। शुरुआत में 10 लोगों के घायल होने की खबर आई थी, फिर मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई, और देर रात तक यह आंकड़ा 34 से पार पहुंच गया। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिससे आशंका है कि मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

24 घंटे लगातार चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सोमवार सुबह 8:15 से 9:35 के बीच फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा गिर गया और आग लग गई। आग लगने के बाद कई टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसा इतना भयंकर था कि बचाव कार्य मंगलवार तक जारी रहा।

फैक्ट्री का ढांचा पूरी तरह तबाह

तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि 12 लोगों की मौत हो गई है और 34 लोगों का इलाज चल रहा है। हमें उम्मीद है कि और मौतें नहीं होंगी। लेकिन बाद में मलबे से और शव मिले, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ गई। कई घायल लोगों ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री का ढांचा पूरी तरह से तबाह हो गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि शुरू में मलबे से पांच शव निकाले गए थे। जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ा, यह संख्या बढ़ती गई।

11 फायर इंजन आग बुझाने में लगे

फायर ब्रिगेड को सुबह 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पाटनचेरु, संगारेड्डी, कुकटपल्ली, मधापुर, जीदीमेटला और राजेंद्रनगर से 11 फायर इंजन मौके पर भेजे गए। इन फायर इंजनों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत रोबोट भी लगाए गए

स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड के अलावा NDRF (National Disaster Response Force) और SDF (State Disaster Response Force) की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दो रोबोट भी इस्तेमाल किए गए। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने सोमवार शाम तक आग बुझाने का काम किया। मंगलवार को उन्होंने मलबे में दबे लोगों की तलाश फिर से शुरू की।

सूचना मिलने के 20 मिनट के अंदर पहुंची टीमें

इंस्पेक्टर जनरल वी सत्यनारायण ने बताया कि पसमैलारम में Sigachi Pharma नाम की एक केमिकल फैक्ट्री में यह धमाका हुआ। यह घटना सुबह 8:15–9:35 बजे के बीच हुई। पुलिस को 10 मिनट के अंदर सूचना मिल गई थी। हम 20 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए। NDRF, SDF और अन्य बचाव टीमें, 10 फायर इंजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। 

घटना के समय 90 कर्मचारी थे मौजूद

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगभग 150 कर्मचारी काम करते थे। धमाके के समय लगभग 90 कर्मचारी उस जगह पर मौजूद थे जहां धमाका हुआ। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में फैक्ट्रियों में होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संगारेड्डी-पशामैलारम इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ समय पहले संगारेड्डी में एक फार्मा यूनिट में धमाका हुआ था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और 14 घायल हो गए थे। 2023 में पशामैलारम में हुए एक और हादसे में तीन लोगों की जान चली गई थी।

ख़बर शेयर करें: