छोड़कर सामग्री पर जाएँ

भारतीय शेयर बाजार में उछाल: सेंसेक्स 314 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,869 पर बंद

मुंबई, 9 सितंबर 2025: भारतीय शेयर बाजार ने सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच मजबूत प्रदर्शन किया। आईटी सेक्टर की अगुवाई में बाजार ने दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स 314.02 अंक या 0.39% की बढ़त के साथ 81,101.32 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 95.45 अंक या 0.39% ऊपर 24,868.60 पर पहुंचा। दिन भर के कारोबार में लगभग 1,893 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि 2,028 शेयरों में गिरावट आई।

आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को मजबूती प्रदान की। इंफोसिस, डॉ. रेड्डीज लैब्स, विप्रो, टेक महिंद्रा और अदाणी पोर्ट्स निफ्टी के प्रमुख लाभकर्ता रहे, जहां इंफोसिस में 5% तक की उछाल दर्ज हुई। कंपनी द्वारा 11 सितंबर को शेयर बायबैक पर विचार करने की घोषणा ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, ट्रेंट, इटर्नल, जियो फाइनेंशियल, टाटा मोटर्स और टाइटन कंपनी में गिरावट देखी गई।

सेक्टर-वार प्रदर्शन की बात करें तो आईटी इंडेक्स 2.8% ऊपर रहा, जबकि फार्मा और एफएमसीजी इंडेक्स में 0.5% की वृद्धि हुई। दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस तथा रियल्टी इंडेक्स 0.3% नीचे बंद हुए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स दोनों में 0.2% की मामूली बढ़त दर्ज की गई।

रुपये ने भी मजबूती दिखाई और डॉलर के मुकाबले 88.11 पर बंद हुआ, जो शुक्रवार के 88.26 से बेहतर है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दर कटौती की उम्मीदों से रुपया 87.75-88.50 की रेंज में रह सकता है।

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, जीएसटी सुधारों से ऑटो और डिफेंस सेक्टर को लाभ मिल सकता है, हालांकि सूचीबद्ध कंपनियों पर इसका प्रभाव सीमित रहने की संभावना है। वैश्विक बाजारों में नैस्डैक के रिकॉर्ड स्तर ने सकारात्मक माहौल बनाया, लेकिन अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति और बेरोजगारी पर नजर बनी हुई है।

निवेशक अब भारत और अमेरिका के आगामी मुद्रास्फीति आंकड़ों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो फेडरल रिजर्व की नीतियों को प्रभावित कर सकते हैं.

ख़बर शेयर करें: