रायगढ़। रायगढ़-सक्ति नेशनल हाईवे 49 में सड़क हादसे की खबर निकल कर आ रही है. यहाँ बाराती से भरी बस और छोटा हाथी (पिकअप) के बीच भीषण टक्कर हो गयी है. जिसमे पिकअप के ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है. वही एक अन्य घायल है. घटना बीते रात खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे में ग्राम बरगढ़ के समीप यादव ऑटो सेंटर के पास हुई है.

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 2 बजे बारातियो से भरी बस (CG-12X-0261) सरवानी से कोरबा लौट रही थी, तभी बरगढ़ के बोराई नाला के पास खरसिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से भिड़ गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क से नीचे उतर गयी और पिकअप में चालक समेत दो लोग केबिन में फंसे गए। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल भेजा गया.
पुलिस टीम एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पिकअप में बुरी तरह फंसे एक घायल को बाहर निकाला गया, लेकिन ड्राइवर फंसा रहा, जिससे मौके पर ही मौत हो गयी। देर रात हुए इस घटना में घायल व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है, इसलिए मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस घायल व्यक्ति के होश में आने की प्रतीक्षा कर रही है, ताकि घटना के बारे में और मृतक के बारे कुछ पता चल सके।



