बेमेतरा। बीती रात एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे एक खड़ी हाईवा को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे भयानक धमाका हुआ और कंटेनर के ड्राइवर और खलासी की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना रायपुर बिलासपुर नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम टेमरी के पास की है।
घटना बुधवार और गुरुवार के दरमियान रात की है। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में हम देख सकते हैं कि कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि हाईवा से टकराते ही एक जोरदार धमाका हुआ और आग का गोला उठा। बताया जा रहा कि इस भीषण हादसे में कंटेनर के ड्राइवर और खलासी की ऑन स्पॉट ही जलकर मौत हो गई थी।
मामला नंदगांव थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंची थी और इसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस दोनों मृतकों की शिनाख्ती और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



