- चक्रधर समारोह के गरिमामय आयोजन हेतु प्राप्त सुझावों के अनुसार होगा कार्यक्रम-कलेक्टर कार्तिकेया गोयल
- 39 वें चक्रधर समारोह के आयोजन की तैयारियां शुरू, कलेक्ट्रेट में हुयी बैठक
- आयोजन को लेकर लिए गए सुझाव
रायगढ़। 39 वें चक्रधर समारोह के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 07 सितंबर गणेश चतुर्थी के दिन से समारोह की शुरुआत होगी।
समारोह की रूपरेखा तैयार करने आज कलेक्ट्रेट में कलेक्टर एवं चक्रधर समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष कार्तिकेया गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इस बैठक में रायगढ़ राजपरिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि, कला और खेल प्रेमी, मीडिया प्रतिनिधियों सहित गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

बैठक में समारोह स्थल के चयन व अवधि और कार्यक्रम की रूपरेखा और कलाकारों के चयन के संबंधी बिंदुओं पर सुझाव लिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि रायगढ़ कलाधानी है, चक्रधर समारोह पूरे देश के कलाप्रेमियों के बीच एक विशेष स्थान रखता है। जिला प्रशासन चक्रधर समारोह के गरिमामयी आयोजन को लेकर प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सभी से सुझाव लिए जा रहे हैं। जिसके आधार पर समारोह के आयोजन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा चक्रधर समारोह की अब तक की यादों को सहेजने के लिए एक पुस्तिका तैयार की जा रही है। इसमें पिछली फोटोज और लेखों को संग्रहित किया जाएगा।
इसी के साथ उन्होंने आयोजन में प्रशासन के साथ शहर के समाजसेवी संस्थाओं से भी सहयोग की बात कही।
सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने समारोह के आयोजन में प्रतिदिन के कार्यक्रम के आयोजन और स्थानीय कलाकारों के साथ स्कूली बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किए जाने की बात रखी।



