छत्तीसगढ़ में आज शुक्रवार को कुएं में गिरने की दो अलग-अलग घटना में कल 9 लोगों की मौत हो गई है। जहाँ आज सुबह जांजगीर चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव किकिरदा में कुएं के अंदर पांच लोगों की मौत हो गई। तो वहीं दोपहर तक खबर है कि कोरबा जिले के कटघोरा के ग्राम ज़ुराली में कुएं में जाने से चार लोगों की और मौत हो गई।
कोरबा की घटना
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा में कटघोटा के ग्राम जुराली के डिपरा पारा निवासी जहरू पटेल दोपहर में कुएं में गिर पड़ा। इसका पता उसकी बेटी सपीना को चला तो वह पिता को बचाने के लिए कुएं में कूद गई। हालांकि वह भी अंदर ही फंस गई और दम तोड़ दिया। कुएं में दो शवों को देख स्थानीय मनबोध और शिवचरण भी नीचे उतरे, लेकिन उनकी भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंची रेस्क्यू शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि चारों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चारों के शव को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चारों की मौत कुएं में गिरने की वजह से हुई है या जहरीली गैस की वजह से हुई है। इसका खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
आज सुबह जांजगीर में हुई घटना
इस घटना में बताया जा रहा है कि इस कुएं में एक लकड़ी गिर गई थी। जिसे निकालने के लिए एक व्यक्ति अंदर गया और उसकी मौत हो गई फिर उसे बचाने के लिए दूसरा गया। इसी तरह एक-एक करके पांच लोगों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह 7:30 के आसपास की है।

SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि रामचंद्र जायसवाल (60 वर्ष) नाम का एक व्यक्ति कुएं में लकड़ी अंदर गिरने पर उसे निकालने घुसा था, तभी गैस का रिसाव होने लगा और वह बहोश हो गया। इसके बाद पत्नी के शोर मचाने पर ये लोग उसे निकालने कुएं में घुसे थे, लेकिन कोई जिंदा नहीं लौट सका।
रामचंद्र जायसवाल को बचाने सबसे पहले पड़ोसी रमेश पटेल (50 वर्ष) आया और वह कुएं के अंदर गया। उसकी भी सांसें भरने लगीं, फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र (20 वर्ष) और जितेंद्र (25 वर्ष) भी कुएं के अंदर चले गए।
जब चारों कुछ देर तक नहीं लौटे तो पड़ोस में रहने वाला टिकेश्वर चंद्रा (25 वर्ष) भी इन लोगों को बचाने के लिए कुएं अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस के रिसाव से पिता और 2 बेटों समेत 5 लोगों की जान चली गई।



