रायगढ़। दीपावली में घर में पेंट पुट्टी का काम करने आए एक 29 साल के युवक ने 17 साल की नाबालिक को 9 दिन में ही अपने प्रेम जाल में फसाया और शादी के सपने दिखाकर अपने साथ भागकर तमिलनाडु ले गया।
इस बारे में लड़की के पिता ने मई महीने में कोतरा रोड थाना में अपनी लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस को लापता लड़की और पुट्टी वाले के बीच संबंध का पता चला। दोनों की मोबाइल ट्रैकिंग से उनके तमिल नाडु में होने का पता चला।
पुलिस ने लड़की को भगा कर ले जाने वाले आरोपी को तमिलनाडु गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अपहरण और पोस्को एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है। साथ में नाबालिक को भी तमिलनाडु से बरामद कर रायगढ़ वापस लाया गया है।

इस बारे में रायगढ़ पुलिस ने बताया कि कोतरारोड़ पुलिस ने थानाक्षेत्र से लापता हुई बालिका को खोजबीन कर तमिलनाडू के त्रिपुर जिले से वापस रायगढ़ लाया गया है। इसके साथ ही बालिका को भगाकर ले जाने वाले युवक को भी पुलिस तमिलनाडु से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाई है।
पुलिस ने बताया कि थाना कोतरारोड़ में 04 मई 2024 को बालिका के पिता द्वारा बलिका के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी लड़की (17 साल 5 माह) की 03 मई के दिन को घर में किसी को बिना बताए कहीं चली गई है। मामले में कोतरारोड़ पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धारा 363 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर इन्वेस्टिगेशन में लिया गया।

इन्वेस्टिगेशन के दरमियान बालिका के सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर की जांच की गई। जिसमें गुम बालिका तथा जयप्रकाश बंजारे (निवासी सिंघनपुर थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) के बीच मित्रता की जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों का लोकेशन लिया गया, बार-बार लोकेशन बदलने के बाद वे अपना मोबाइल बंद कर रखे थे।
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक श्रीनाथ त्रिपाठी द्वारा साइबर सेल से पुन: गुम बालिका और संदेही का लोकेशन किया गया। जिसमें दोनों के तमिलनाडु के त्रिपुर जिले में होने की जानकारी मिली। जिस पर तत्काल पुलिस अधीक्षक से अनुमति प्राप्त कर कोतरारोड़ पुलिस की टीम तमिलनाडू रवाना हुई।
काफी पतासाजी के बाद दिनांक 16 जुलाई को संदेही तमिलनाडु के नल्लूर थाना क्षेत्र एक किराये मकान में बालिका के साथ मिला। स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को नल्लूर थाना लाया गया। जहां से बालिका और संदेही को रायगढ़ लाया गया है।
बालिका ने पुलिस को दिए अपने कथन में बताया कि
“पिछले दीपावली के समय जयप्रकाश बंजारे इसके घर पेंट पुट्टी का काम करने आया था। जो 9 दिन तक इसके घर काम किया। इस दौरान बालिका का जय प्रकाश बंजारे से जान पहचान हुई और दोनों मोबाइल पर बातचीत करने लगे।”
“02 मई 2024 को जयप्रकाश बालिका को शादी का प्रलोभन देकर ढिमरापुर चौक के पास बुलाया। बालिका के आने पर उसके अपने साथ सारंगढ़ ले गया और सारंगढ़ से बिलासपुर फिर बिलासपुर से ट्रेन में बैठकर त्रिपुर तमिलनाडु चले गए। जहां किराया मकान में रखकर बालिका का शारीरिक शोषण किया।”
पुलिस ने बताया कि बालिका का मेडिकल कराकर प्रकरण में धारा 366, 376 आईपीसी और 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़कर आज आरोपी जयप्रकाश बंजारे पिता जनीराम बंजारे उम्र 29 साल निवासी सिंघनपुर थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बालिका की पतासाजी आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक कुसुम केवट, आरक्षक चंद्रेश पांडे, संजीव पटेल और महिला आरक्षक श्यामा सिदार की विशेष भूमिका रही है।



