5 मार्च, रायगढ़। भूपदेवपुर के चपले मार्ग पर बुधवार सुबह एक व्यक्ति ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। डायल 112 की टीम ने तुरंत पहुंचकर उसे सुरक्षित बचा लिया। सुबह करीब 11 बजे आरक्षक सुरेश सिदार और पवन डनसेना मौके पर पहुंचे। बिजली ऑपरेटर प्रेम यादव और दीपक पटेल ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति अचानक ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया, जिससे उन्होंने विद्युत आपूर्ति बंद कर दी और पुलिस को सूचित किया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, एक व्यक्ति ट्रेन से उतरा और ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया, जिसकी वजह से उसकी मानसिक स्थिति असामान्य दिख रही थी। डायल 112 टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जब आरक्षक सुरेश सिदार ने उससे बातचीत की. बातचीत में तो मनोहर सामान्य लगा. उसने अपना नाम मनोहर लोहारा (52), निवासी दतिया, जिला गुमला, झारखंड बताया। मनोहर ने कहा कि वह ट्रेन से घर जा रहा था, लेकिन चपले के पास ट्रेन रुकने पर उतर गया और उसकी ट्रेन छूट गई।

मनोहर ने कहा कि वह कई दिन से भूखा था, इसलिए डायल 112 टीम ने उसे खाना और नए कपड़े दिए। आरक्षक ने उसके परिवार से संपर्क किया, और वे उसे लेने के लिए रायगढ़ आए। थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक सीताराम ध्रुव ने उसे घर पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था की। बाद में, मनोहर को पत्थलगांव में उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
डायल 112 के स्टाफ और पुलिस की सहायता से एक व्यक्ति को उसके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाया गया, जिससे रायगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता और सेवा का पता चलता है।



