छोड़कर सामग्री पर जाएँ

धरमजयगढ़ में आधी रात को युवक की हत्या, अवैध संबंध बना वजह!

रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के तराईमार गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। प्राम्भिक जानकारी के अनुसार,  तराईमार गांव के रहने वाले 27 वर्षीय युवक दयानंद साहू की लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक गेरसा धान मंडी में कम्प्यूटर ऑपरेटर था। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा करेगी।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दयानंद साहू का गांव की ही एक युवती के साथ कथित अवैध संबंध था। इसी कारण उसका युवती के घर आना-जाना लगा रहता था। घटना 31 मार्च की रात लगभग 12:00 बजे की है, जब वह अपने प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। तब गांव के भरत साहू ने मृतक के भाई कन्हैया लाल साहू को फोन कर सूचना दी कि उसके भाई दयानंद साहू का उसकी कथित प्रेमिका के घर विवाद हो रहा है।

घटना का विवरण

जब कन्हैया लाल साहू अपनी मां के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनका भाई दयानंद साहू उसकी कथित प्रेमिका के घर के तखत पर बेहोश पड़ा था और उसकी प्रेमिका उसके शरीर को सहला रही थी। जब उन्होंने उसकी प्रेमिका से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके दोनों भाईयो ने लोहे की रॉड से मारकर दयानंद को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

गंभीर हालत में घायल दयानंद साहू को तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया गया। हालांकि, रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में बरौद के पास ही उसकी मौत हो गई। शव को वापस सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी और सउनि डेविड टोप्पो ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की सूचना एसडीएम धरमजयगढ़ को भी भेज दी गई है।

पुलिस ने इस मामले दोनों आरोपी भाइयो को गिरफ्तार कर लिया है। उनपर 103-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस जघन्य हत्या को लेकर सदमे में हैं।

ख़बर शेयर करें: