छोड़कर सामग्री पर जाएँ

हीरापुर में तड़के बड़ी चोरी की कोशिश नाकाम! सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से 3 चोर रंगे हाथों पकड़े गए

रायगढ़। शनिवार की सुबह-सुबह रायगढ़ के हीरापुर स्थित क्षेत्रीय विद्युत भंडार में बड़ी चोरी की कोशिश को सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम कर दिया। सुबह लगभग 7:00 बजे, तीन अज्ञात चोर 130 किलो कीमती एल्युमिनियम को बोरी में भरकर बाउंड्रीवाल पार कर चोरी करने की फिराक में थे।

जानकारी के अनुसार, यह वही स्थान है जहाँ 17 मार्च को आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई थी, जिसमें बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचा था। उसी क्षतिग्रस्त स्थान से फेंसिंग हटाकर चोर भंडार में दाखिल हुए थे। लेकिन ड्यूटी पर तैनात सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत घटना को भांप लिया और कार्यालय को सूचना दी। बिना समय गवाएं, उन्होंने तीनों चोरों को माल समेत मौके पर ही धर दबोचा।

पकड़े गए चोरों के नाम व पते:

  1. किशोर कलेत (39 वर्ष) – निवासी बापूनगर, थाना कोतवाली, रायगढ़
  2. कार्तिक सारथी (21 वर्ष) – निवासी बजरंगपारा निगम कॉलोनी, थाना जूटमिल
  3. प्रदीप सारथी (18 वर्ष) – निवासी डीपापारा सांगीतराई, थाना जूटमिल

चोरी का सामान – करीब 130 किलोग्राम एल्युमिनियम, जिसकी बाजार में कीमत लगभग ₹60000 आंकी गई है।

FIR दर्ज, जांच शुरू:

प्रकरण में धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस चोरी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी काबिले-तारीफ:

इस घटना से एक बात साफ हो गई है कि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और तत्परता के चलते ही रायगढ़ की एक बड़ी सरकारी संपत्ति बर्बादी से बच गई।

ख़बर शेयर करें: