छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शादी की रात बजी तलवारें! डीजे पर नाचने को लेकर खूनी संघर्ष, 4 आरोपी गिरफ्तार – आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

रायगढ़। ढिमरापुर की पुरानी बस्ती में उस समय दहशत फैल गई जब शादी की खुशियों के बीच डीजे पर नाचने को लेकर हुआ मामूली विवाद, रातभर की खूनी रंजिश में बदल गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां 08-09 मई की रात राजेन्द्र यादव के शादी समारोह में नाच के दौरान शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते जानलेवा हमले में तब्दील हो गया।

पीड़ित भुवनेश्वर रात्रे (19 वर्ष) ने कोतवाली में FIR दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह अपने भाई सुशील रात्रे, चाचा लक्ष्मी रात्रे, अजीत बर्मन और अमर मरकामे के साथ शादी में शामिल हुआ था। डीजे पर नाचते वक्त उसकी कहासुनी शाहिल और धनागर कबीर चौक निवासी कुनाल महिस उर्फ पिंटू से हो गई।

इसी रंजिश में देर रात शाहिल, कुनाल, जिमी बजाज और आशीष बघेल वापस बस्ती में लौटे और भुवनेश्वर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। तलवार और बैसबॉल स्टिक से लैस आरोपियों ने अंधाधुंध मारपीट की, जिससे अजीत बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया।

पुलिस की फुर्ती:
घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि गश्त में तैनात कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

  1. जिमी बजाज उर्फ राहुल (22) – निवासी रामभाठा, जय स्तंभ चौक
  2. कुनाल महिस उर्फ पिंटू (20) – निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती
  3. साहिल बघेल (19) – निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती
  4. आशीष बघेल (24) – निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती

बरामदगी: पुलिस ने आरोपियों के पास से मारपीट में इस्तेमाल की गई तलवार, बैसबॉल स्टिक और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं जब्त कीं।

कानूनी कार्रवाई:
आरोपियों पर भादंवि की धारा 296, 115(2), 109(1), 3(5) BNS और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। न्यायिक हिरासत में चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम में शामिल रहे:
उप निरीक्षक संजय नाग, ऐनु देवांगन, प्रधान आरक्षक विक्रम चौरसिया, आरक्षक प्रेम उरांव सहित टीम ने साहसिक भूमिका निभाई।

ख़बर शेयर करें: