छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ज्वेलर्स दुकान में बंदूक लेकर घुसे नकाबपोश: पिता-पुत्री पर हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात.. देखें वीडियो

धमतरी, छत्तीसगढ़ – शहर के पॉश इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पावर हाउस के सामने स्थित बरडिया ज्वेलर्स में दो नकाबपोश युवकों ने दुकान संचालक और उसकी बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों हमलावर दुकान में दाखिल होते ही संचालक भंवर बरडिया के सिर पर रिवॉल्वर की बट से वार करते हैं और फिर उनकी बेटी नैना बरडिया पर गोली चला देते हैं।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल पिता-पुत्री को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


पुलिस ने की पुष्टि, फायरिंग एयरगन से होने की आशंका

धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने जानकारी दी कि घटना की सूचना पुलिस को रात करीब 8:40 बजे मिली। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि हमले में एयरगन का इस्तेमाल किया गया, क्योंकि नैना के पैर में छर्रे लगे हैं।

हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


घर और दुकान एक ही परिसर में, घटना से दहशत

बताया जा रहा है कि बरडिया परिवार का घर और उनकी आभूषणों की दुकान एक ही परिसर में है। वारदात के समय दोनों ही वहां मौजूद थे। अचानक हुई इस हिंसक घटना से क्षेत्र के व्यापारी और आम लोग भयभीत हैं। गोली की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।


लूटपाट नहीं हुई, इरादे पर सवाल

हालांकि शुरुआत में माना जा रहा था कि यह लूट की नीयत से किया गया हमला है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस अब अन्य पहलुओं पर भी ध्यान दे रही है — मसलन रंजिश, धमकी या अन्य आपराधिक मंशा।


जांच जारी, जल्द खुलासा संभव

धमतरी पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहरभर के CCTV कैमरों की जांच की जा रही है और आस-पास के संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।

ख़बर शेयर करें: