छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सनकी औलाद: बाइक नहीं देने पर बेटे ने किया बाप पर टांगी से हमला

रायगढ़, 20 जून। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाकरगांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने महज बाइक की चाबी नहीं देने पर अपने ही पिता पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया।

घटना 17 जून की रात लगभग 9:30 बजे की है, जब पनेश्वर उर्फ पिंटू सिदार (26 वर्ष) ने अपने पिता गंभीर साय सिदार पर धारदार टांगी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में पीड़ित को तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बाइक की चाबी को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब पनेश्वर ने अपने पिता से बाइक की चाबी मांगी थी। पिता द्वारा इनकार किए जाने पर आरोपी आग-बबूला हो गया और गुस्से में आकर घर में रखी टांगी से पिता पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।

घायल गंभीर साय ने किसी तरह से बचकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने तत्काल टीम को घटनास्थल भेजा। पीड़ित के मौखिक बयान के आधार पर आरोपी पुत्र के खिलाफ अपराध क्रमांक 171/2025, धारा 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी पनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया और अगले दिन उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

ख़बर शेयर करें: