रायगढ़। जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। कोतरारोड़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत सक्ती जिले की एक युवती द्वारा डभरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने से हुई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि पवन सिदार, निवासी कांटाहरदी, ने चार साल तक प्रेम संबंध बनाए रखे और कई बार शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
बुआ की शादी से शुरू हुई पहचान
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान आरोपी पवन सिदार से करीब चार वर्ष पहले एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती रही और पवन ने युवती से विवाह का वादा किया।
रायगढ़ बुलाकर बनाए संबंध
24 सितंबर 2024 को जब युवती रायगढ़ में अपने बुआ के घर आई हुई थी, तब पवन सिदार उसे मिलने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने गांव कांटाहरदी ले गया। वहां उसने अपने घर में ही युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में वापस बुआ के घर छोड़ गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी कई बार आरोपी ने संबंध बनाए, लेकिन जब उसने विवाह की बात दोहराई तो पवन ने टाल-मटोल शुरू कर दी। अंततः उसने युवती से संपर्क बंद कर दिया और मोबाइल भी बंद कर लिया।
परिवार को दी जानकारी, फिर पुलिस तक पहुंचा मामला
पीड़िता ने जब यह बात अपने माता-पिता को बताई, तो परिजनों ने डभरा थाना में आवेदन दिया। प्रारंभिक जांच के बाद मामला कोतरारोड़ थाना स्थानांतरित किया गया, जहां आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 262/2025, धारा 69 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में महिला उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने पीड़िता का बयान लिया, मेडिकल परीक्षण कराया और तकनीकी व साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम ने कांटाहरदी में दबिश देकर आरोपी पवन सिदार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।



