अभनपुर (छत्तीसगढ़), मंगलवार। रायपुर ज़िले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केंद्री गांव के पास मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की तेज़ रफ़्तार यात्री बस ने एक हाइवा वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस अत्यधिक गति में थी और चालक के नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के सामने हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घायलों को तत्काल अभनपुर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, वहीं कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

प्रशासन की ओर से सुरक्षित यात्रियों को वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


