छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ढिमरापुर में भीषण सड़क हादसा: अडानी कंपनी के डीजीएम की मौके पर मौत

रायगढ़। शहर के ढिमरापुर इलाके में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में अडानी कंपनी में कार्यरत डीजीएम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे जिंदल रोड स्थित एनआर कंपनी के ऑफिस के समीप हुई, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में दीवार से जा टकराई।

देर रात राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक बेहोश अवस्था में मिला, जिसे तुरंत पुलिस की रात्रिकालीन गश्त टीम ने जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया।

CCTV से हुई मृतक की पहचान

हादसे के तुरंत बाद मृतक की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल शुरू की। शनिवार सुबह मृतक की पहचान सत्यनारायण सिंह (46 वर्ष), पिता मृत्युंजय सिंह, निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वे वर्तमान में रायगढ़ के वृंदावन कॉलोनी में रहते थे और छोटे भंडार स्थित अडानी कंपनी में डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) के पद पर कार्यरत थे।

रात के भोजन के बाद घर लौटते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सत्यनारायण सिंह शुक्रवार शाम को ड्यूटी से लौटने के बाद देर रात कार से भोजन के लिए निकले थे। भोजन के बाद वापस घर लौटते वक्त यह हादसा हो गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव परिजनों को सौंपा गया

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल के मरच्यूरी में रखवाया। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजन अभी रायगढ़ नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को गृह ग्राम रवाना कर दिया है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

ख़बर शेयर करें: