रायगढ़. शहर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने छत के रास्ते दुकानों में प्रवेश किया और गल्लों में रखी भारी नकदी व चांदी के सिक्के लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई, वहीं पुलिस-प्रशासन भी हरकत में आ गया।
तीन दुकानों पर चोरों का धावा
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अशर्फी देवी अस्पताल रोड स्थित अंकित अग्रवाल की देवसर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरों ने सबसे पहले सेंधमारी की। गल्ले में रखे 10 से 15 हजार रुपये नकद और चांदी के चार सिक्के चोरी करने के बाद चोरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर भी उखाड़कर साथ ले गए ताकि सबूत मिटा सकें।
इसके बाद चोर पास की मित्तल मेडिकल स्टोर में घुसे, लेकिन दुकान लंबे समय से बंद रहने के कारण उन्हें वहां हाथ खाली रहना पड़ा। तीसरा वार ऑल इज़ वेल मेडिकल स्टोर (मालिक तरनजीत सलूजा) पर हुआ, जहां से चोर एक लाख रुपये से अधिक नकदी उड़ा ले गए।
सुबह जब दुकान संचालकों ने ताले खोले और गल्ले की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। खबर फैलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ दुकानों के बाहर जमा हो गई।
पुलिस-डॉग स्क्वाड ने खंगाला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही साइबर सेल, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई। डॉग स्क्वाड की दिशा रेलवे स्टेशन की ओर जाने से चोरों के भागने के रूट का अंदेशा जताया जा रहा है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
चूंकि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का डीबीआर भी चोरी हो चुका है, पुलिस अब आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दी हैं, जिनके आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
बढ़ते चोरी के मामले से सहमे लोग
गौरतलब है कि पिछले माह ही कोतवाली क्षेत्र के श्याम मंदिर से लाखों रुपये के मुकुट, गहने और कैश की चोरी का मामला लोगो के जहन से उतरा नहीं है। अब एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी ने पुलिस गश्त और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस निगरानी का जिम्मा सीसीटीवी कैमरों पर छोड़ बैठी है, जबकि चोर आसानी से कैमरे को निष्क्रिय कर घटना को अंजाम दे रहे हैं। लगातार बढ़ते मामलों से व्यापारी वर्ग में रोष और दहशत दोनों देखने को मिल रहे हैं।



