रायगढ़। जिले में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने आज 10 सितंबर 2025 को 503 किलोग्राम से अधिक गांजा को विधिवत रूप से नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई विभिन्न थानों से जब्त किए गए मादक पदार्थों पर की गई, जो पुलिस के मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल की अध्यक्षता वाली समिति ने इस निष्पादन को एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड के जामगांव प्लांट में संपन्न किया। समिति के सदस्यों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्तोफर खलखो शामिल थे।
जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, जिले के 25 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त कुल 503.531 किलोग्राम गांजा, जिसमें दो गांजा पौधे भी शामिल थे, को भट्ठी में जलाकर और रोलर से कुचलकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
[videopress Znr99coP w=478 h=850]
यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही, जिसमें प्लांट के अधिकारी, थाना प्रभारी चक्रधरनगर अमित शुक्ला, जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव, छाल थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, डीसीबी प्रभारी हेतराम सिदार, प्रधान आरक्षक ईश्वर उरांव, आरक्षक प्रभात प्रधान और पंचों की उपस्थिति में संपन्न हुई।


