छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छत्तीसगढ़ में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों पर CM साय का बड़ा बयान: कहा- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, कालाबाजरी करने वाले पर है नजर

रायपुर/रायगढ़। प्रदेश में रसोई गैस (LPG), पेट्रोल और डीजल की किल्लत को लेकर उड़ रही अफवाहों पर अब सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में किसी भी चीज की कोई कमी नहीं है और जनता को पैनिक होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कालाबाजारी करने वालों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

​खबर के मुख्य बिंदु:

  • ​मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर दी जानकारी, प्रदेश में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
  • ​आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
  • ​पैनिक बाइंग से बचने की सलाह, आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करने का आग्रह
  • ​सभी जिलों के अधिकारियों को नियमित स्टॉक मॉनिटरिंग और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश
  • ​पेट्रोल-डीजल या रसोई गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

​अफवाहों पर न दें ध्यान, पर्याप्त है स्टॉक

​सोशल मीडिया और आम जनता के बीच गैस सिलेंडरों और ईंधन की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं को विराम देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि “रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है”। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया है कि पूरे प्रदेश में एलपीजी (LPG), पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

​अधिकारियों को ‘कालाबाजारी’ रोकने के सख्त निर्देश

​अक्सर ऐसी अफवाहों की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व और व्यापारी कालाबाजारी शुरू कर देते हैं। इस पर नकेल कसने के लिए सीएम साय ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के आला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति हर हाल में बनी रहनी चाहिए। इसके साथ ही नियमित स्टॉक मॉनिटरिंग करने और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

​आवश्यकता के अनुसार ही करें बुकिंग

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। अक्सर अफवाहों के डर से लोग जरूरत न होने पर भी एडवांस में बुकिंग करने लगते हैं, जिससे सिस्टम पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। सीएम ने जनता से आग्रह किया है कि वे अपनी “आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें”।

ख़बर शेयर करें: