रायगढ़। शुक्रवार सुबह-सुबह शहर से सटे उर्दना रोड पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य औद्योगिक मार्ग पर यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। महज 100 मीटर के दायरे में हुए इन दोहरे हादसों के कारण सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की कतारें लग गई हैं और 10 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा महाजाम लग चुका है। शाम 6:00 बजे तक यह जाम ओवर ब्रिज कोतरा थाना तक पहुंच चुका था। रायगढ़ घरघोड़ा मार्ग की स्थिति इतनी विकट हो गई है कि आम राहगीरों को शहर पहुंचने के लिए अब जंगल के रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।


100 मीटर के भीतर हुए दो बड़े हादसे
मिली जानकारी के अनुसार, पहला हादसा आज सुबह-सुबह उर्दना पुलिस लाइन अंधा मोड के पास हुआ, जहां कोयले से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और पास ही मौजूद एक अन्य ट्रक से जा टकराया। इस भीषण हादसे में ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
वहीं, इस घटना से ठीक 100 मीटर पहले उर्दना रामदास फाउंडेशन नर्सरी के पास (जिंदल मोड़ पर) एक और दुर्घटना हो गई, जहां दो भारी ट्रेलर आपस में जा भिड़े। शुक्रवार सुबह के समय हुए इन दोनों हादसों ने इस प्रमुख मार्ग को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया।
10 किलोमीटर लंबा जाम, जंगल के रास्ते निकल रहे लोग
आवागमन का प्रमुख और इकलौता इंडस्ट्रियल रूट होने के कारण हादसों के तुरंत बाद यहां ट्रकों और ट्रेलरों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर जाम 10 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर गया।

मुख्य मार्ग पूरी तरह से ब्लॉक होने के कारण छोटे वाहन चालक और जाम में फंसे आम लोग अब रायगढ़ शहर की ओर पहुंचने के लिए जंगल के कच्चे रास्तों और पगडंडियों से होकर गुजर रहे हैं। हालांकि, सैकड़ों की संख्या में बड़ी इंडस्ट्रियल गाड़ियां और मालवाहक ट्रक अभी भी अपनी जगह पर फंसे हुए हैं।

प्रशासन और यातायात पुलिस मौके पर मौजूद है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन भारी ट्रैफिक दबाव के कारण इस महाजाम को खुलवाना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।



