छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़: पति ने सोयी हुई पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया..

रायगढ़। जिले के लैलूंगा क्षेत्र से एक दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने 34 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। इस हत्या के पीछे का कारण चरित्र शंका बताया गया हैं।

पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी पति का नाम विक्टोर कुजूर है। 10 साल पहले उसकी शादी जुली कुजूर से हुई थी। वह अपनी पत्नी के चरित्र पर हमेशा शक करता था। इस बात को लेकर उनके बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। 22 अक्टूबर को उसने बताया कि उसकी पत्नी जूली कुजूर खाना बनाते समय आग से जल गई।

उसका इलाज रायगढ़ के प्राइवेट अस्पताल में हो रहा था। 23 नवंबर को अस्पताल में उसकी मौत हो गई। लैलूंगा पुलिस द्वारा इस मामले की तफ्तीश शुरू की गई।

नींद में ही जिंदा जला दिया

पुलिस ने बताया कि थाना प्रभारी लैलूंगा निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा पीएम रिपोर्ट व जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर संदेही विक्टोर कुजूर से हिकमत अमली से पूछताछ करने पर उसने चरित्र शंका पर सोये अवस्था में उसकी पत्नी जूली कुजूर को जान से मारने के लिये पेट्रोल डालकर जलाना और घटना को छिपाने के लिए जूली के पहने कपड़े को जला देना स्वीकार किया है।

आरोपी विक्टोर कुजूर पिता स्व. सिमोन कुजूर उम्र 34 साल निवासी ग्राम किलकिला थाना लैलूंगा को हत्या व साक्ष्य छिपाये जाने के अपराध में आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एसएसपी सदानंद कुमार एवं एसडीओपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन पर सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी लैलूंगा निरीक्षक मोहन भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह नेताम तथा हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है।

ख़बर शेयर करें: