रायपुर। आम आदमी पार्टी और जनता कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा ज्वाइन कर लिया है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रवेश कार्यक्रम के जरिए इन लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। लोकसभा से पहले भाजपा प्रवेश कार्यक्रम प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की मौजूदगी में आयोजित किया गया था।
लोकसभा चुनाव को अब कुछ ही महीने बचे हुए है। ऐसे में छत्तीसगढ़ की राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है। लगातार नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। इसी बीच छत्तीसगढ़ में आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले सभी नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिरी, प्रदेश सचिव विशाल केलकर, प्रदेश अध्यक्ष यूथ विंग रविंद्र सिंह ठाकुर, एससी विंग के प्रदेश अध्यक्ष धरम भार्गव, ओबीसी विंग के प्रदेश अध्यक्ष कमल कांत साहू और एसटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष बसंत कुजूर सहित कई जिलाध्यक्ष भी शामिल रहे। इसके पहले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे। साथ ही आम आदमी पार्टी और जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पहुंचे थे।
वहीं फोर्स के 17 पूर्व अफसरों और जवानों ने भी भाजपा प्रवेश किया है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा प्रवेश किया। इसके पहले 15 जनवरी को आर्मी डे के दिन 64 पूर्व सैनिकों ने भाजपा ज्वाइन किया था। उस दिन प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय की उपस्थिति में किया पूर्व सैनिकों ने भाजपा ज्वाइन किया था।
इसी बीच सीएम साय का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम साय ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज आर्मी और अन्य राजनीतिक पार्टी के लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया है। सीएम साय ने सभी का स्वागत किया। सीएम साय ने आगे कहा कि आप ने भाजपा और मोदी जी पर विश्वास किया इसके लिए आप सबका आभार। भाजपा आपके सुख दुख में खड़ी रहेगी। आज देश की जनता का विश्वास भाजपा पर बढ़ा है। हम मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में आगे बढे़ हैं।
वहीं प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने पार्टी से जुड़ने वालों का हृदय से प्रणाम करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमने राजनीति करने के लिए पार्टी नहीं बनाई थी। हम पहले दो निशान दो प्रधान, दो विधान नहीं होने की बात करते तो लोग आश्चर्य व्यक्त करते थे। हम मंदिर वहीं बनाएंगे की बात करते थे हमारे विरोधी तंज कसते थे कल हमने उसे कर दिखाया। देश में पहली बार ऐसा मर्द प्रधानमंत्री मिला है। अब देश आगे बढ़ रहा युग बदल रहा है। हमने देश में बदलाव लाया है। 23 में इतिहास बदला है 24 में भी बदलेगा। जिन्होंने राम का अपमान किया उनका हश्र देखना, हम लोकसभा में 400 से उपर जाएंगे। मोदी ने कहा कि हमें हिदुस्तान को आदर्श हिंदुस्तान बनाना है, इसलिए हमे छत्तीसगढ़ से 11 कमल फूल मोदी को भेजना है।



