रायपुर. छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ने कांग्रेस की राजीव युवा मितान क्लब योजना बंद कर दी है. खेल एवं युवक कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह योजना कांग्रेस ने अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई थी. जबकि, राज्य के युवाओं को इससे लाभ नहीं हो रहा था. इसलिए इसे बंद कर दिया. हमारी सरकार युवाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाएगी. इस योजना को बंद करने से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने इससे जुड़ी सारी जानकारी मंगवाई थी. जिले के सभी कलेक्टरों से कहा गया था कि वे इस योजना पर हुए खर्च की जानकारी भेजें.
भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार के समय चलाए जा रहे राजीव युवा मितान क्लबों के सभी खाते सीज कर दिए हैं। क्लबों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों के लिए तीन साल में 132 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई थी। राज्य सरकार ने राजीव युवा मितान क्लबों को दी गई राशि के अंतरण एवं समस्त प्रकार के व्यय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
आदेश में लिखा है कि राजीव युवा मितान क्लबों को किसी भी कार्य के लिए दी गई राशि के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को राजीव युवा मितान क्लब योजना के तहत अब तक विभिन्न व्यय की जानकारी और व्यय की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। जिला स्तरीय, अनुभाग स्तरीय समितियों के साथ मितान क्लबों की गतिविधियां अब जांच के दायरे में आ चुकी है।
क्लबों को हर तीन महीने में मिलते थे 25 हजार रुपये
आपको बता दें कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 से राजीव युवा मितान क्लब योजना शुरू किया था. इस योजना के अंतर्गत प्रति तिमाही प्रति क्लब को 25 हजार रुपए प्रदाय किया जा रहा था. यह राशि राज्य शासन द्वारा जिला स्तरीय समिति के द्वारा अनुविभाग स्तरीय समिति के अनुविभागीय अधिकारी को राजस्व तथा नगर निगम के आयुक्त के चालू खाते में ट्रांसफर किया जाता था. सरकार ने इस योजना के उद्देश्य में राज्य के युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकसित करने, शिक्षा को बढ़ावा देना, खेल,स्वावलंबन को बढ़ावा देना, स्वच्छता अभियान से जोड़ना, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतिस्पर्धाओं को बढ़ावा देना जैसी बातों को इसमें शामिल किया गया था. जानकारी के मुताबिक इस योजना का एकमेव उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आर्थिक मदद प्रदान करना था.



