रायगढ़। अपने पिता की बात ना मानने पर नाराज पिता ने अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया। बेटी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। जो उसके पिता को पसंद नहीं आया। इसके बाद यह घटना हुई। मामला रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना तमनार थाना के धौराभाटा के कंवर पारा की है। आरोपी पिता श्याम कुमार राठिया पेशे से ड्राइवर है। पिछले 15 दिनों से वह घर पर था। 15 दिनों में वह घर से बाहर भी नहीं निकलता था। बीती रात उसकी बेटी बहरतीन राठिया उर्फ नोनो उम्र 21 वर्ष किसी से फ़ोन पर बात कर रही थी। इस बात को लेकर बाप बेटी में विवाद हुआ और गुस्से में आकर पिता ने खाट की चारपाई से उस पर वार किया। जिसके कारण बेटी की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर तमनार पुलिस मौके पर पहुंची है। आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। मृतका के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और पीएम के लिए भेजा गया है।



