बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के इल्जाम में एक पति को गिरफ्तार किया है। पत्नी द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए बीमारी की एक झूठी कहानी बनाई। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई की महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। आरोपी पति की शादी को 18 साल हो गए हैं और उनके 14-15 साल के दो बच्चे भी हैं।
रतनपुर टीआइ देवेश राठौर ने बताया कि रतनपुर क्षेत्र के भोंदला पारा में रहने वाले सावनी बाई पटेल (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में 10 फरवरी को मौत हो गई। उसके पति रूपचंद पटेल (39) ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी की रात पति-पत्नी घर पर थे। रात करीब 10 बजे सावनी बाई कमरे के बाहर निकल कर मकान के पीछे बाड़ी की ओर गई।
काफी देर तक पत्नी के नहीं लौटने पर वह भी कमरे से बाहर निकला। बाड़ी में उसकी पत्नी बेहोश पड़ी थी। उसे तत्काल रतनपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पर डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
पति की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। पीएम रिपोर्ट में डाक्टरों ने महिला की गला दबाकर हत्या करना बताया। इसके बाद पुलिस के शक की सुई उसके पति के ऊपर गई। पुलिस ने रूपचंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें वह गोलमोल जवाब दे रहा था।
कड़ाई करने पर उसने बताया कि 10 फरवरी की रात उसने पत्नी से फिजिकल रिलेशन बनाने की बात कही। इस पर महिला संबंधित बीमारी का हवाला देते पत्नी ने मना कर दिया। पति को मना करने के बाद वह कमरे से बाहर आँगन की तरफ निकल गई।
रूपचंद ने पत्नी के पीछे जाकर बाड़ी में गले को गमछे से गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को गुमराह करने के लिए वह झूठी कहानियां गढ़ रहा था। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।



