छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पढ़ाने को छोड़कर टीचर और नहीं करेंगे कोई दूसरा काम! दूसरे विभाग में काम कर रहे शिक्षकों को वापस स्कूल भेजने का मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने दिया आदेश!

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने दूसरे विभागों में काम कर रहे टीचरो को  गैर शिक्षकीय कार्य से हटाकर वापस उनके विद्यालय में जाकर शिक्षण कार्य करने का निर्णय लिया है। इसके लिए शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्कूल शिक्षा सचिव को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश भी जारी कर दिया है।

छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रेस रिलीज के माध्यम से यह बताया गया कि

स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षक संवर्ग के कर्मचारी गैर शिक्षकीय कार्य हेतु विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थाओं में संलग्न किया गया है। ऐसे शिक्षक अपने मूल पदस्थापना शाला में अध्यापन कार्य हेतु शीघ्र ही कार्यमुक्त होंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि संभागायुक्त एवं जिला कलेक्टरों को निर्देशित करना सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षक संवर्ग के कर्मचारी गैर शिक्षकीय कार्य हेतु विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थाओं में संलग्न हैं और गैर शैक्षणिक संलग्नीकरण से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस आशय की शिकायत स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल को प्राप्त हो रही थी। शिकायकर्ताओं ने स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था के लिए त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया था।

ख़बर शेयर करें: