रायगढ़। बंजारी देवी के दर्शन करने गए प्लांटकर्मी को एक तेज-रफ्तार कार चालक ने ठोकर मारकर घायल कर दिया। जिसे अस्पताल लाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत ग्राम रजवार-कटैया निवासी बलीराम भुईया पिता धुरन भुईया (46 वर्ष) विगत कई माह से पूंजीपथरा स्थित बीएस प्लांट में ठेकेदार के अंदर में काम करता था।
गुुरुवार शाम को उसका शिफ्ट खत्म होने के बाद फ्रेस होकर बंजारी मंदिर में माता के दर्शन करने पैदल ही चला गया था। इस दौरान पूजा कर वापस लौटने के दौरान जैसे ही मंदिर के सामने से रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग को पार कर रहा था कि तेज गति से आ रहे एक कार ने उसे जोरदार ठोकर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं घटना होते ही आसपास के बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे तो मौका देखकर कार चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देखते हुए उसे उपचार के लिए रायगढ़ रवाना किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर उसके परिजन शुक्रवार को रायगढ़ पहुंचे।जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही अब मर्ग डायरी संबंधित थाना भेजने की तैयारी चल रही है, ताकि उक्त कार चालक की पतासाजी हो सके।



