रायगढ़, 25 अगस्त। भूपदेवपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपी पुरन लाल चौहान (29 वर्ष) निवासी लेबड़ा, थाना भूपदेवपुर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
23 अगस्त को हुई थी चोरी
ग्राम जैमुड़ा निवासी डोलनारायण पटेल ने 23 अगस्त को अपनी हीरो होंडा पैशन प्लस (क्रमांक CG-13 H-8599) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
नाकाबंदी के दौरान चढ़ा हत्थे
25 अगस्त को भूपदेवपुर थाने के सामने पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सिल्वर-नीली मोटरसाइकिल दिखाई दी। रोककर पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम पुरन लाल चौहान बताया, लेकिन वाहन के खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई कागज़ नहीं दिखा सका।
कबूली चोरी
संदेह गहराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह बाइक ग्राम जैमुड़ा से चोरी की थी। इसके बाद बाइक को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक प्रदीप गहलोत, संजय भूषण तिर्की, आरक्षक प्रदीप तिवारी, कोमल तिवारी और बोधराम सिदार की अहम भूमिका रही।


