रायगढ़, 26 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। जूटमिल थाना पुलिस ने ओड़िशा से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ किलो गांजा, एक बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। वहीं इस मामले का मास्टरमाइंड सुलेमान लकड़ा उर्फ जुले फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
कैसे पकड़े गए आरोपी
25 अगस्त की शाम थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल से दो युवक ओड़िशा से गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने गढ़उमरिया मेन रोड स्थित चंद्रशेखर साव भोजनालय के सामने घेराबंदी की। इसी दौरान संदेहास्पद बाइक को रोका गया और तलाशी में पीछे बैठे युवक के पास प्लास्टिक पन्नी में गांजा का पैकेट मिला।
आरोपी और उनका नेटवर्क
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम दिलीप सिंह राजपूत (33 वर्ष), निवासी बाझीनपाली और एक विधि से संघर्षरत बालक बताया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे छातामुड़ा, संत विनोबा नगर निवासी सुलेमान लकड़ा उर्फ जुले के कहने पर गांजा लेकर आ रहे थे। इसका नेटवर्क रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में गांजा सप्लाई करने का था।
गौरतलब है कि दिलीप सिंह राजपूत और सुलेमान लकड़ा पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं और वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।
जब्ती और कार्रवाई
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने जब्त किया –
1 किलो 558 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 15 हजार रुपये)
होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG-13-AM-7231, कीमत 30 हजार रुपये)
एक वीवो मोबाइल और एक रियलमी नारजो मोबाइल
गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है, वहीं फरार आरोपी सुलेमान लकड़ा की तलाश जारी है।



