- जोबी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 2 महिलाएं गिरफ्तार
- ग्राम कुर्रू बना था गांजा का डम्पिंग प्वाइंट
- ओडिशा से माल लाकर यूपी भेजा जाता था सप्लाई
- गिरोह का खुलासा – मनोज साहू और लवकेश पांडे फरार
- एएसआई लक्ष्मी राठौर की अगुवाई में ऑपरेशन सफलकुल बरामदगी – ₹6.70 लाख का गांजा व मोबाइल फोन
रायगढ़, 26 अगस्त। रायगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर की बड़ी कार्यवाही में 64 किलो से अधिक गांजा जब्त कर एक महिला तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में रायगढ़ और उत्तर प्रदेश के आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि मुख्य सरगना सहित तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
जोबी पुलिस की दबिश, कुर्रू बना था गांजा का डम्पिंग प्वाइंट
शनिवार की शाम पुलिस चौकी जोबी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कुर्रू में रहने वाली महिला अनिता बाई अगरिया के घर पर छापा मारा। तलाशी में घर के अंदर से 62 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 64 किलो 360 ग्राम और बाजार कीमत करीब 6.40 लाख रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में अनिता ने कबूल किया कि उड़ीसा से लाए गए गांजे को उसके घर डम्प किया जाता था और फिर ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश भेजा जाता था। उसने यह भी बताया कि शुक्रवार रात को उसका साथी मनोज उर्फ छोटू साहू और लवलेश पांडे कार से गांजा लेकर आए थे।
महिला साथी सरस्वती साहू भी गिरफ्तार
गिरफ्तार अनिता बाई की निशानदेही पर पुलिस ने बोईरदादर ग्रीन सिटी निवासी सरस्वती साहू को भी दबोच लिया। उसके मोबाइल की जांच में गिरोह के बाकी सदस्यों के साथ लगातार संपर्क के सबूत मिले हैं। फिलहाल दोनों महिलाओं को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फरार आरोपी पुलिस की रडार पर
इस तस्करी गिरोह में रायगढ़ का मनोज उर्फ छोटू साहू, उत्तर प्रदेश का लवलेश पांडे और उसका एक साथी भी शामिल है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस टीम की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मी राठौर के साथ आरक्षक घनश्याम सिदार, इतवारी कंवर, अश्वनी सिदार, राजेश राठिया, राजेंद्र राठिया और महिला आरक्षक ऐमेरेसिंया टोप्पो शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बरामद संपत्ति
62 पैकेट गांजा – कुल वजन 64 किलो 360 ग्राम (कीमत लगभग ₹6,40,000)
एक विवो मोबाइल – ₹15,000
एक रियलमी मोबाइल – ₹15,000
कुल बरामद संपत्ति – ₹6,70,000


