रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां दो आरोपियों ने तलवार की नोक पर एक शादीशुदा आदिवासी महिला का अपहरण किया और फिर एक सप्ताह तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यह वारदात कापू थाना क्षेत्र के खर्राभौना में हुई, घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पीड़िता के अनुसार, 21 जुलाई 2025 को दो युवक उसके गांव पहुंचे और तलवार दिखाकर उसे डराकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसे सुनसान इलाकों में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और जगह-जगह घुमाते रहे। इस दौरान उन्होंने पीड़िता को धमकी दी कि विरोध करने या किसी को बताने पर उसके पति और परिवार की हत्या कर देंगे। डर के मारे महिला चुप रही, लेकिन एक सप्ताह बाद आरोपियों द्वारा छोड़े जाने के बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
परिजनों ने गांव में पंचायत बुलाई और मामले की जानकारी कापू थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आईपीसी की धारा 70(1), 351(2), 140(3), 127(2), 3(5) और 25 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों तलाश जारी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस ने आगे की जांच तेज कर दी है ताकि सभी दोषियों को सजा मिल सके।



