रायगढ़, 9 दिसंबर। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने आपातकालीन सेवा डायल-108 के एम्बुलेंस चालक पर हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित गिरजाशंकर लहरे (32 वर्ष), निवासी पंडित दीनदयाल कॉलोनी, ने 7 दिसंबर की रात थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने साथियों और कुछ अन्य एम्बुलेंस चालकों के साथ एमसीएच के पास जंगल में आयोजित एक पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के दौरान प्राइवेट एम्बुलेंस चालक सैय्यद ने निशुल्क मरीजों को ले जाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बहस बढ़ने पर उसने अपने रिश्तेदार अब्दुल अंसारी के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के साथ मारपीट की और सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे गिरजाशंकर लहरे के कान में गंभीर चोट आई।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 537/2025 धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चिकित्सा परीक्षण एवं पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सैय्यद अंसारी पिता यासीन अंसारी (32 वर्ष) एवं अब्दुल कलाम उर्फ अब्दुल अंसारी पिता मोहम्मद इजराइल अंसारी (25 वर्ष) (दोनों निवासी गांधी नगर वार्ड क्रमांक 33, थाना जुटमिल) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
दोनों ने पूछताछ में अपराध कबूल किया। पुलिस ने उनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त लोहे का चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



