छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सब्जी बनाने के विवाद में दोस्त पर टंगिया से हमला: जोबी पुलिस ने आरोपी को दबोचा, गैर-जमानती धाराओं में भेजा जेल

रायगढ़, 18 दिसंबर। पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में खाना बनाने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसा में बदल गया, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टंगिया से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही जोबी चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर ने टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गैर-जमानती धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

प्रार्थी सतीश कुमार राठिया (25) निवासी जोबी ने पुलिस को बताया कि पत्नी के मायके रहने के कारण वह अपने दोस्त राम गोपाल यादव के घर जाकर साथ में खाना बनाकर खाता था।13 दिसंबर 2025 (शनिवार) रात मछली की सब्जी बनाने को लेकर दोनों में बहस हुई और इसी दौरान “हमेशा मैं ही खाना बनाता हूं, तुम सहयोग नहीं करते” कहने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ते ही आरोपी राम गोपाल यादव ने पास में रखी टंगिया उठाकर सतीश पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल का मेडिकल कराया गया, जिसमें दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, इसके बाद केस में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।

पुलिस ने आरोपी राम गोपाल यादव (20) निवासी जोबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटना में इस्तेमाल टंगिया को विधिवत जब्त किया गया। पूरी कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मी राठौर के साथ हेड कांस्टेबल दशरथ लाल सिदार और हमराह स्टाफ की भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें: