छोड़कर सामग्री पर जाएँ

किरोड़ीमल नगर मारपीट केस: कोतरारोड़ पुलिस ने 24 लोगों पर की कार्यवाही! भेजा जेल

रायगढ़, 6 जनवरी 2026। किरोड़ीमल नगर मारपीट मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 24 अन्य लोगों को धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई 04 जनवरी को हुई मारपीट की घटना और उसके बाद इलाके में बढ़े तनाव से जुड़ी बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 04 जनवरी 2026 को वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमल नगर निवासी गोविंद राम नेताम (45) ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मोहल्ले के पीछे वरुण सिंह के यहां गैलवे कंपनी के लिए दूसरे प्रदेश से लाए गए मजदूर रह रहे हैं। इसी दिन दोपहर में गोविंद राम के बेटे छवि नेताम पर कुछ युवकों ने जबरन साथ काम करने का दबाव बनाया। मना करने पर गाली-गलौच और मारपीट का आरोप है।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज कर धारा 109(1) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण कायम किया था। पुलिस के मुताबिक मारपीट में शामिल 8 नाम सामने आए थे, जिन्हें पहले ही हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पहले गिरफ्तार किए गए आठ आरोपी

पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार 05 जनवरी को थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज टीम के साथ वार्ड नंबर 09 में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे और गोविंद राम नेताम व उनके पुत्रों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस की समझाइश के बाद भी स्थिति नहीं संभली, जिसके बाद पुलिस ने 24 अनावेदकों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया।

आज 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया

पुलिस ने बताया कि इन 24 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराएं 126 और 135(3) BNSS के तहत भी कार्रवाई की गई और सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। जेल वारंट जारी होने के बाद सभी 24 लोगों को जेल दाखिल कर दिया गया।

ख़बर शेयर करें: