रायगढ़, 07 जनवरी। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस से बहस करने और थाने में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने पांच व्यक्तियों को धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने प्रेस नोट में बताया कि बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान विवाद की घटना मंगलवार को सामने आई जब थाना घरघोड़ा के सहायक उप निरीक्षक रामसजीवन वर्मा अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे। घरघोड़ा बस स्टैंड और ग्राम चुहकीमार में फेरी लगाने आए बाहरी लोगों की चेकिंग के दौरान चार व्यक्तियों ने पुलिसकर्मियों से अनावश्यक बहस शुरू कर दी और शोर-शराबा किया।
थाने में भी जारी रहा हंगामा
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर चारों आरोपियों अर्जुन गोगल्या (25), नौशाद (35), पंकज कछुआ (23) और वकील कछुआ (35) को थाने लाया गया। यहां भी वे आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 170 के साथ प्रतिबंधात्मक धाराओं 126 और 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई की।
खदान क्षेत्र में नशे में हंगामा करने वाला भी गिरफ्तार
इसी दौरान तिल्लाईपल्ली कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। रामलाल राठिया (33) निवासी चोटीगुड़ा बार-बार शराब के नशे में बेस्ट बीट खदान क्षेत्र में पहुंचकर विवाद और मारपीट करता था। सुरक्षाकर्मियों द्वारा उसे थाना लाया गया, लेकिन समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर उसके खिलाफ भी इन्हीं धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।



