छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान : जनवरी में 56 गुमशुदा लोग परिजनों से मिले, 8 साल बाद लौटा खोया बेटा

  • एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
  • 16 में से 14 नाबालिग सकुशल बरामद, बहला-फुसलाकर भगाने वालों पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

रायगढ़, 3 फरवरी 2026। जिले में अपनों से बिछड़े लोगों को मिलाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन मुस्कान’ उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने जनवरी माह में रिकॉर्ड सफलता हासिल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक माह के भीतर दर्ज 59 गुमशुदगी के मामलों में से 56 लोगों को सकुशल ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिजनों से मिलाया।

नाबालिगों की सुरक्षा पर विशेष जोर

आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी माह में जिले में कुल 16 नाबालिगों की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से 14 नाबालिगों को दस्तयाब कर लिया है। जांच में सामने आया कि कई मामलों में नाबालिगों को शादी का झांसा देकर या बहला-फुसलाकर भगाया गया था। ऐसे मामलों में पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की है।

8 साल का इंतजार हुआ खत्म: महाराष्ट्र से मिला लापता बेटा

पुलिस की संवेदनशीलता का सबसे बड़ा उदाहरण कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में देखने को मिला। यहाँ एक परिवार का बेटा 2018 (करीब 8 साल) से लापता था। मानसिक रूप से कमजोर यह बालक घर से बिना बताए निकल गया था। कोतरारोड़ पुलिस ने हार नहीं मानी और सूचना तंत्र को सक्रिय रखा। अंततः पुलिस को महाराष्ट्र के सतारा स्थित बाल कल्याण गृह में बालक के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल सतारा पहुंची और युवक को वापस लाकर परिजनों को सौंपा। वर्षों बाद अपने बेटे को पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं।

पोस्को एक्ट में गिरफ्तार आरोपी

अन्य प्रमुख मामले और पुलिस की कार्रवाई

  • चक्रधरनगर: 13 सितंबर को गायब हुई नाबालिग को पुलिस ने आरोपी खीरसागर चौहान (27 वर्ष) के कब्जे से कोरबा से बरामद किया। आरोपी शादी का झांसा देकर उसे भगा ले गया था। पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
  • धरमजयगढ़: 11 दिसंबर को लापता हुई किशोरी को पुलिस ने आरोपी रोशन बसोड़ (20 वर्ष) के पास से बरामद किया। आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
  • पुसौर: परिजनों से नाराज होकर घर से निकली एक छात्रा को पुलिस ने बिलाईगढ़-सारंगढ़ जिले के सरिया से बरामद कर सुरक्षित परिजनों को सौंपा।

अभिभावकों के लिए एसएसपी की सलाह

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस सफलता पर पुलिस टीमों की सराहना करते हुए आम जनता के लिए एक संदेश भी जारी किया है। उन्होंने कहा, “नाबालिगों से जुड़े अपराधों में पुलिस पूरी तरह सख्त है। बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि

“जिले में ऑपरेशन मुस्कान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। गुम नाबालिगों एवं गुम इंसानों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों से मित्रवत व्यवहार रखें, उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें तथा सोशल मीडिया संपर्कों की नियमित निगरानी करें।”

ख़बर शेयर करें: