रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने 27 फरवरी को उड़ीसा से पूंजीपथरा और गेरवानी की ओर जा रहे अवैध कबाड़ के बड़े नेक्सेस पर कार्रवाई की है। नाकेबंदी के दौरान 9 वाहनों से करीब 140 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत वाहनों सहित 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
खबर के मुख्य बिंदु:
- बड़ी जब्ती: 9 अलग-अलग वाहनों (ट्रक, माजदा, पिकअप) से 139.5 टन अवैध कबाड़ बरामद।
- तस्करी का रूट: यह सारा स्क्रैप उड़ीसा से लोड होकर रायगढ़ के पूंजीपथरा और गेरवानी इंडस्ट्रियल इलाके में खपाने के लिए लाया जा रहा था।
- कुल कीमत: पकड़े गए कबाड़ की अनुमानित कीमत 50 लाख और वाहनों की कीमत 1.10 करोड़ रुपये है।
- कार्रवाई: पुलिस ने कबाड़ परिवहन में शामिल 9 वाहन चालकों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है।
हाईवे पर नाकेबंदी और धरपकड़
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से ट्रकों और अन्य छोटे वाहनों में भारी मात्रा में लोहा, टीन और मोटर पार्ट्स का अवैध कबाड़ रायगढ़ लाया जा रहा है।
इसके बाद कोतवाली, जूटमिल और साइबर पुलिस की टीम ने हाईवे और अंदरूनी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी।
जूटमिल पुलिस ने गढ़उमरिया मार्ग पर तीन ट्रकों को रोका, जिनमें 85 टन स्क्रैप भरा था। वहीं कोतवाली और साइबर टीम ने उर्दना के पास 6 अन्य वाहनों को पकड़ा, जिनमें करीब 54 टन कबाड़ लदा हुआ था।
कागजात नहीं दिखा पाए ड्राइवर, संपत्ति चोरी का शक
जब पुलिस ने पकड़े गए 9 वाहन चालकों से इस स्क्रैप के परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई भी कागज पेश नहीं कर सके।
पूछताछ में उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि सारा माल उड़ीसा से पूंजीपथरा और गेरवानी ले जाया जा रहा था।
दस्तावेज न होने और संपत्ति चोरी की होने के शक में पुलिस ने सभी चालकों (बिहार, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के निवासी) के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जप्त किए गए वाहनों में 5 ट्रक, 3 माजदा और 1 पिकअप शामिल हैं।
जारी रहेगी कार्यवाही
इस बारे में रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत रायगढ़ में अवैध कबाड़ पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाही होती रहेगी।



