रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र (जोबी) से लापता दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। काम दिलाने का झांसा देकर उन्हेअगवाकरने वाले 35 वर्षीय राजमिस्त्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
खबर के मुख्य बिंदु:
- मुख्य घटना: जोबी क्षेत्र से 18 फरवरी से लापता थीं 14 और 15 साल की दो सहेलियां।
- आरोपी: गांव में काम करने आया 35 वर्षीय राजमिस्त्री सीताराम सारथी।
- साजिश: काम दिलाने और अच्छी जिंदगी का लालच देकर दोनों को अनूपपुर (MP) ले गया था।
- कार्यवाही: आरोपी को घरघोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत जेल भेजा गया।
काम का लालच देकर किया अगवा
बीती 18 फरवरी को जोबी क्षेत्र से 14 और 15 साल की दो सहेलियां अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों की तलाश के बाद 21 फरवरी को छाल थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सहेलियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पता चला कि गांव में काम करने आए राजमिस्त्री सीताराम सारथी ने दोनों को अपने जाल में फंसाया था।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि आरोपी ने उन्हें अच्छी नौकरी और बेहतर जिंदगी का झांसा दिया था। इसी विश्वास में लेकर वह उन्हें अपने साथ मध्य प्रदेश के अनूपपुर ले गया था।
घरघोड़ा के प्लांट के पास से हुई गिरफ्तारी
लगातार तलाश के बीच पुलिस को दोनों लड़कियों और आरोपी के घरघोड़ा इलाके में होने की भनक लगी।
पुलिस ने टेंडा नवापारा स्थित सन स्टील प्लांट के पास दबिश देकर दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से ही आरोपी राजमिस्त्री को भी धर दबोचा गया।
छाल पुलिस ने आरोपी सीताराम सारथी के खिलाफ अपहरण की धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



