छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ABVP को छूट, NSUI पर रोक! : भेदभाव और रोजगार के मुद्दे पर 10 मार्च को रायगढ़ की सड़कों पर उतरेगा छात्र आक्रोश

रायगढ़। एनएसयूआई (NSUI) रायगढ़ जिला इकाई ने 10 मार्च (मंगलवार) को एक विशाल ‘छात्र अधिकार रैली’ निकालने और कलेक्ट्रेट का घेराव करने का बड़ा ऐलान किया है। छात्रों का सीधा आरोप है कि प्रशासन सत्ताधारी छात्र संगठन (ABVP) को संरक्षण दे रहा है, जबकि NSUI के कार्यक्रमों को जबरन रोका जा रहा है।

हाइलाइट्स:

  • 10 मार्च को सुबह 11 बजे इतवारी बाजार से कलेक्ट्रेट तक NSUI की विशाल ‘छात्र अधिकार रैली’
  • होली मिलन और फेयरवेल रोके जाने से भड़के छात्र, प्रशासन पर लगाया ABVP को संरक्षण देने का आरोप
  • जिंदल, अडानी और NTPC जैसे बड़े उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए 70% आरक्षण की प्रमुख मांग
  • सभी सरकारी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल और नियमित कैंपस इंटरव्यू की व्यवस्था करने की उठाई आवाज

प्रशासन के ‘दोहरे मापदंड’ पर फूटा छात्रों का गुस्सा

​जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई। NSUI जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन ने प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रशासन ने स्पष्ट रूप से भेदभाव करते हुए NSUI के दो प्रमुख कार्यक्रमों (फेयरवेल पार्टी और होली मिलन) को बंद करवा दिया।

​छात्रों ने आरोप लगाया कि एक तरफ उनके कार्यक्रमों पर पुलिस और प्रशासन रोक लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सभी कार्यक्रमों को प्रशासन का संरक्षण मिल रहा है। NSUI ने इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला बताया है।

औद्योगिक जिला, फिर भी रायगढ़ का युवा बेरोजगार क्यों?

​इस घेराव का दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार है। छात्र नेताओं ने कहा कि रायगढ़ एक औद्योगिक हब है, लेकिन यहां के स्थानीय युवा आज भी बेरोजगार भटक रहे हैं।

​NSUI ने मांग की है कि रायगढ़ में स्थापित एनटीपीसी, अडानी, जिंदल और अन्य निजी उद्योगों में स्थानीय युवाओं को अनिवार्य रूप से 70% आरक्षण दिया जाए। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी कॉलेजों में ‘प्लेसमेंट सेल’ का गठन हो और नियमित कैंपस इंटरव्यू की व्यवस्था की जाए।

10 मार्च को ‘हल्ला बोल’ की तैयारी

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 मार्च को सुबह 11 बजे इतवारी बाजार चौक से यह रैली शुरू होगी। जो मेन रोड और शहीद चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस बैठक में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन, विश्वविद्यालय अध्यक्ष साकिब अनवर, छात्रा प्रमुख नताशा, गौरव सव, बलराम, शिब्तेन, गुलशन, बंटी, मानी चंदेल, देवेश, असदुल्लाह, आदेश, विकास, उबेद, दीपक सारिम और केजल श्रीवास सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। आरिफ हुसैन ने रायगढ़ के सभी युवाओं से इस अधिकार रैली में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें: