रायगढ़। जिले में पनप रहे अवैध कबाड़ और चोरी के स्क्रैप के काले कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नवपदस्थ थाना प्रभारी (पूंजीपथरा) रामकिंकर यादव की टीम ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग ताबड़तोड़ कार्रवाइयां करते हुए 1 करोड़ 15 लाख रुपये का अवैध कबाड़ और वाहन जब्त किए हैं। पुलिस की इस दबिश से औद्योगिक क्षेत्र के कबाड़ माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
हाइलाइट्स:
- ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने कबाड़ माफियाओं के ठिकानों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी
- एक ही दिन में 8 बड़ी कार्रवाइयों में 134 टन अवैध स्क्रैप (कबाड़) से लदे 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन जब्त
- मिनी राइस मिल (पूंजीपथरा) से 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली भी पुलिस ने की बरामद
- कुल 50 लाख 75 हजार का कबाड़ और 65 लाख के वाहन (कुल 1.15 करोड़ की संपत्ति) पुलिस के कब्जे में
- ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के 8 आरोपियों पर BNS और BNSS की धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
औद्योगिक क्षेत्र में खपाने की थी तैयारी
नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव ने पदभार ग्रहण करते ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया था। उन्हें पुख्ता सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध कबाड़ (स्क्रैप) लोड कर गाड़ियां पूंजीपथरा के औद्योगिक क्षेत्र में खपाने के लिए आ रही हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने और महुआ चौक तुमीडीह में सघन घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने 6 ट्रकों और 1 माजदा वाहन को धर दबोचा। इन गाड़ियों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल और छड़ सहित करीब 134 टन कबाड़ भरा हुआ था। चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने ‘चोरी की संपत्ति’ के संदेह में वाहनों को जब्त कर लिया।
राइस मिल में डंप था चोरी का मेटल
वाहनों की धरपकड़ के बीच, पुलिस को पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में चोरी का माल डंप होने की भी सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत वहां रेड मारी, जहां आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी (43 वर्ष) मौजूद मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से 43 बोरी (1290 किलो) मैग्नीज मेटल और 57 बोरी (2 टन 280 किलो) पाईलेट गोली (लोहा) बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि आरोपी यह सामग्री ट्रक ड्राइवरों से खरीदता था। वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस ने इस 76 हजार से ज्यादा की सामग्री को भी विधिवत जब्त कर लिया है।
इन 8 आरोपियों पर कसा कानूनी शिकंजा
पूंजीपथरा पुलिस ने इन 8 अलग-अलग मामलों में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के रहने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खेमासागर पाण्डेय (ओडिशा), मो. कुर्बान (बिहार), मनोज कुमार कुर्रे (सारंगढ़), दौलत राम केवंट (सक्ति), सचिन बंजारे (सारंगढ़), महेश कुमार (बिहार), मनोज सिंह (कोरबा) और प्रियंक देवांगन (रायगढ़) शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।



