छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ नगर निगम की सामान्य सभा में 14 एजेंडों पर लगी मुहर: शहर को मिलेगा नया अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, कई पार्कों और भवनों के बदले नाम

रायगढ़। मंगलवार को शहर के विकास को रफ्तार देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक संपन्न हुई। इस अहम बैठक में शहर के आधारभूत ढांचे, नामकरण और स्वच्छता से जुड़े कुल 14 महत्वपूर्ण एजेंडों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। महापौर जीवर्धन चौहान ने इसे शहर के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

हाइलाइट्स:

  • रायगढ़ नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में शहर विकास के 14 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
  • अमलीभौंना न्यू सारंगढ़ बस स्टैंड का होगा उन्नयन, 3 अलग-अलग गेट वाला बनेगा भव्य अंतरराज्यीय बस टर्मिनल
  • इतवारी बाजार ऑक्सीजोन का नाम ‘सिंदूर पार्क’ और पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम का नाम ‘संत श्री प्रियदर्शी रामजी’ के नाम पर
  • केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के सामुदायिक भवन का नामकरण ‘भगवान बिरसा मुंडा’ के नाम पर करने पर लगी मुहर
  • केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से ढिमरापुर चौक तक बनेगी डामरीकृत सड़क, SLRM सेंटर में लगेगा नया कचरा प्रबंधन प्लांट

वार्ड समितियों का गठन और नया अंतरराज्यीय बस टर्मिनल

​बैठक में निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी एजेंडों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘वार्ड समितियों’ का गठन किया जाएगा।

शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अमलीभौंना न्यू सारंगढ़ बस स्टैंड का उन्नयन कर उसे ‘अंतरराज्यीय बस टर्मिनल’ बनाया जाएगा। इस टर्मिनल में बस, यात्री वाहन और ऑटो रिक्शा के लिए तीन अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार (Entry/Exit Gates) प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता को मजबूत करने के लिए एसएलआरएम (SLRM) सेंटर में गीले और सूखे कचरे के प्रबंधन के लिए एक नया संयंत्र (Plant) स्थापित किया जाएगा।

सामान्य सभा में महापौर और नेता प्रतिपक्ष

महापुरुषों और संतों के नाम पर होंगे शहर के धरोहर

​सामान्य सभा में शहर के कई प्रमुख स्थानों के नामकरण को लेकर बड़े फैसले लिए गए हैं। एमआईसी सदस्यों और पार्षदों की सहमति से इतवारी बाजार में निर्मित ऑक्सीजोन का नाम ‘सिंदूर पार्क’ और पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम का नाम ‘संत पूज्य श्री प्रियदर्शी रामजी’ के नाम पर करने का प्रस्ताव पास हुआ है।

​ऑडिटोरियम के पास स्थित बाल उद्यान अब ‘भगवान श्री सहस्त्रबाहु’ के नाम से जाना जाएगा। वहीं, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के सामुदायिक भवन का नामकरण आदिवासी जननायक ‘भगवान बिरसा मुंडा’ के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के शासकीय स्कूलों, चौक-चौराहों और पुलों का नामकरण भी ‘शहीदों’ के नाम पर करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।

सड़क निर्माण और समितियों को मिलेगा अनुदान

​बैठक में विकास कार्यों के तहत केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से ढिमरापुर चौक तक नई डामरीकृत सड़क के निर्माण को भी हरी झंडी दे दी गई है। साथ ही संजय कॉम्प्लेक्स और मिनी स्टेडियम परिसर स्थित दुकानों के नामांतरण को मंजूरी मिली।

​शहर की कला, संस्कृति और धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए निगम ने गुरु घासीदास जयंती आयोजन समिति, स्टेशन चौक युवा समिति, सार्वजनिक रामलीला समिति, चक्रधर नगर कला एवं सांस्कृतिक मंच, श्री बुढ़ी माई दुर्गा उत्सव समिति और मड़ाई महोत्सव रायगढ़ समिति को अनुदान देने का भी अहम निर्णय लिया है। सभापति डिग्रीलाल साहू ने बताया कि इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, पार्षदगण, विभाग प्रमुख और निगम के अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें: