छोड़कर सामग्री पर जाएँ

व्हाईट रोज होटल विवाद: कोतवाली पुलिस ने दर्ज की ‘क्रॉस FIR’; एक तरफ ‘शराब की बोतलें फेंकने’ का आरोप, तो दूसरी तरफ ‘होटल में घुसने और कार तोड़ने’ पर गैर-जमानती मामला

रायगढ़। शहर के कोतरा रोड स्थित ‘व्हाईट रोज होटल’ के बाहर बीती रात हुए विवाद और मारपीट के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस घटना में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद ‘क्रॉस एफआईआर’ (Cross FIR) दर्ज कर ली है। एक ओर जहां पड़ोसी अरुण अग्रवाल ने होटल संचालक पर मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर होटल संचालक ने अरुण अग्रवाल और उनके बेटे पर होटल में घुसकर मारपीट करने और कार में तोड़फोड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों ने पुलिस को अपनी-अपनी कहानी बताई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है!

अरुण अग्रवाल ने पुलिस को क्या बताया?

अरुण अग्रवाल (पड़ोसी) ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि होटल संचालक सूरज सिंह रोजाना उनके घर की तरफ खाली शराब की बोतलें फेंकता था। घटना वाली रात  जब उन्होंने खाली बोतलें फेंकने से मना किया, तो सूरज सिंह और उसके एक मैनेजर ने उन्हें गंदी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में अरुण अग्रवाल के दाहिने हाथ में चोट आई और खून भी निकला।

पुलिस की कार्रवाई: अरुण अग्रवाल की इस शिकायत पर पुलिस ने होटल संचालक सूरज सिंह और उसके मैनेजर के खिलाफ मारपीट, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की सामान्य धाराओं (BNS 115(2), 296, 351(3), 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरा पक्ष: होटल संचालक सूरज सिंह ने क्या बताया?

वहीं, दूसरी तरफ होटल संचालक सूरज सिंह ने अपनी क्रॉस शिकायत में पूरी कहानी ही अलग बताई है। सूरज सिंह का आरोप है कि रात के वक्त अरुण अग्रवाल का बेटा कुशल अग्रवाल जबरदस्ती होटल के रिसेप्शन में घुस गया और आरोप लगाने लगा कि “तुम यहाँ लड़के-लड़कियों को रूम देते हो।” सूरज का दावा है कि कुशल ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अरुण अग्रवाल भी वहां आ गए और दोनों बाप-बेटे ने उसे खींचकर बाहर निकाला। सूरज सिंह का यह भी आरोप है कि इन लोगों ने उसकी MG Hector कार का सामने का शीशा और साइड मिरर पूरी तरह तोड़ दिया, जिससे उसे 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ। सूरज सिंह ने पुलिस को बताया है कि उसके पास इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी मौजूद है।

पुलिस की कार्रवाई: होटल संचालक की इस शिकायत पर पुलिस ने अरुण अग्रवाल और उनके बेटे कुशल अग्रवाल पर ज्यादा सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने उन पर मारपीट और गाली-गलौज के साथ-साथ संपत्ति का नुकसान करने और ‘चोट पहुंचाने की तैयारी के साथ घर/परिसर में घुसने’ (BNS 331-4) जैसी गंभीर और गैर-जमानती (Non-Bailable) धाराएं लगाई हैं।

जांच के घेरे में ‘अय्याशी’ के आरोप

विदित हो कि इस मारपीट की घटना के बाद वार्ड नंबर 40 के पार्षद और मोहल्लेवासियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा था। इस ज्ञापन में होटल मे नाबालिक और बालिक युवती को बुलाकर अनैतिक गतिविधियों के संचालन के गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मारपीट के मामले में दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन मोहल्लेवासियों द्वारा एसपी को दी गई शिकायत के आधार पर होटल की अंदरूनी गतिविधियों की अलग से सघन जांच की जा रही है।

मोहल्ले वासियों द्वारा होटल की की गई शिकायत

ख़बर शेयर करें: