रायगढ़। उधारी वसूली के नाम पर गुंडागर्दी और रंगदारी दिखाने वाले तीन आदतन बदमाशों का रायगढ़ पुलिस ने सारा खुमार उतार दिया है। कोयला ट्रांसपोर्टर के घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और 10 लाख रुपये की वसूली के लिए जान से मारने की धमकी देने वाले इन हिस्ट्रीशीटरों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर सीधे जेल (न्यायिक रिमांड) भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
आशीर्वाद पुरम कॉलोनी के रहने वाले 52 वर्षीय कोयला ट्रांसपोर्टर कमलेश सिंह ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कमलेश ने कुड़ेकेला के रहने वाले ललेश अग्रवाल से काम के लिए कुछ पैसे लिए थे, जिसमें से करीब 7 लाख रुपये वह आर्थिक तंगी के कारण पिछले 3 साल से नहीं चुका पा रहा था।
इसी उधारी को वसूलने के नाम पर 11 जून की दोपहर शहर का चिन्हांकित गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी हाथ में डंडा लेकर अपने दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ कमलेश के घर जबरन घुस गया।
“तेरा मर्डर करवा देंगे…”
घर में घुसते ही इन बदमाशों ने गुंडागर्दी शुरू कर दी। उन्होंने कमलेश को धमकाते हुए कहा, “तू हम लोगों को नहीं जानता है, तेरा मर्डर करवा देंगे।” इसके बाद उन्होंने ललेश अग्रवाल का पैसा वापस करने का दबाव बनाते हुए 10 लाख रुपये की डिमांड की और कमलेश के साथ डंडे और हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की।
इस घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंची, कोतवाली पुलिस को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने लगातार दबिश देकर पहले मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को उठाया और फिर उसकी निशानदेही पर गिरीश और मनीष को भी धर दबोचा।

क्राइम कुंडली: हत्या का प्रयास, पॉक्सो और जिला बदर
पकड़े गए तीनों आरोपी रायगढ़ के आदतन अपराधी हैं और इनका पुराना लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है:
- कपिल सोलंकी (36 वर्ष, स्टेशन चौक): यह कोतवाली थाने का लिस्टेड गुंडा बदमाश है। इस पर 2014 से अब तक पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और बलवा सहित 18 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।
- मनीष परियानी (34 वर्ष, सिंधी कॉलोनी): चक्रधरनगर थाने में इस पर 2010 से लूट, जुआ, और आबकारी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इस पर 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर चुकी है और इसे ‘जिला बदर’ (जिले से बाहर) भी किया जा चुका है।
- गिरीश माखीजा (38 वर्ष, सिंधी कॉलोनी): इसके खिलाफ भी सट्टा, जुआ और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं और इसे गुंडा सूची में डालने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद इन तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



