छोड़कर सामग्री पर जाएँ

महतारी वंदन योजना: आज शाम 6 बजे के बाद आवेदन नहीं होंगे स्वीकार! बंद हो जाएगा ऑनलाइन पोर्टल!

20 फरवरी को शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होंगे

ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित पब्लिक पोर्टल 20 फरवरी को शाम 6 बजे के बाद बंद हो जाएगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत् आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही निर्धारित केन्द्रों में अपना आवेदन 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक जमा कर सकते हैं। साथ ही पब्लिक पोर्टल से हितग्राही 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को शाम 6 बजे तक ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित पब्लिक पोर्टल भी शाम 6 बजे के बाद बंद हो जाएगा।  



दरअसल, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने सत्ता में आने पर प्रत्येक महिलाओं को प्रति महीने 1000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था. लोकसभा चुनाव सिर पर है, ऐसे में सरकार अपने वादों को पूरा कर लोकसभा चुनाव के लिए जनता के बीच जाना चाहती है, ताकि आगे के वादों पर लोगों का भरोसा जीता जा सके. यही वजह है कि सरकार ने 5 फरवरी से ही महतारी वंदन योजना के फॉर्म भरवाने शुरू कर दिए थे. इस योजना के तहत फॉर्म भरने यानी रजिस्ट्रेशन कराने की मंगलवार यानी 20 फरवरी आखिरी दिन है. आज शाम 6 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे. विभाग की ओर से साफ कर दिया गया है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भरने की तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी.

अब तक भरे गए 69 लाख 39 हजार 125 फॉर्म

फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया 5 फरवरी से शुरू की गई थी. इस योजना के लाभ लेने के लि एअब तक 69 लाख 39 हजार 125 महिलाओं ने फॉर्म भरे हैं.  21 फरवरी 2024 को योजना के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं की अंतिम सूची जारी की जाएगी. इसके बाद 21 से 25 फरवरी 2024 तक अंतिम सूची पर आपत्ति की जा सकती है. आपत्ति का निराकरण 26 से 29 फरवरी 2024 तक किया जाएगा. फाइनल अंतिम सूची का प्रकाशन एक मार्च 2024 को होगा और स्वीकृति पत्र 5 मार्च को जारी किया जाएगा. पात्र महिला हितग्राहियों के खाते में 8 मार्च 2024 को राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी.

ऐसे पता करें अपने आवेदन की स्थिति

महतारी वंदन योजना के हितग्राही अब अपने आवेदन की स्थिति और उस पर की गई कार्यवाही के बारे में भी जान सकते हैं, यह जानकारी महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आवेदन करने वाली महिलाएं mahtarivandan.cgstate.gov.in लिंक की सहायता से अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज कर अपने आवेदन पर की गई कार्यवाही के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

ऐसे करें आवेदन

अगर आपने अब तक आवेदन नहीं किया है, तो जल्दी करें. इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in पर जाएं. इसके अलावा ग्राहक सुविधा केंद्र या निकटतम सीएससी सेंटर पर भी आप आवेदन कर सकते हैं।  इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना कार्यालय और नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारियों के लॉगिन आईडी से भी इस योजना के लिए आवेदन किया जा सकता है.

ख़बर शेयर करें: