रायगढ़। जिले के दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों और राजस्व मामलों के निपटारे के लिए अब जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासनिक सेवाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने एक नई पहल की है। इसके तहत 4 नवंबर से प्रत्येक बुधवार को घरघोड़ा में कलेक्टर कैंप कोर्ट, जनदर्शन और विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा।
राजस्व प्रकरणों की सुनवाई और सीधा जनसंवाद
इस नई व्यवस्था के तहत आयोजित होने वाले कैंप कोर्ट में घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और लैलूंगा क्षेत्र के प्रथम एवं द्वितीय अपील के राजस्व प्रकरणों की नियमित सुनवाई की जाएगी। इससे तीनों क्षेत्रों के पक्षकारों को जिला मुख्यालय रायगढ़ तक आने-जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
कैंप के दौरान जनदर्शन का भी आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के नागरिक सीधे कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकेंगे। इस दौरान संबंधित शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहेंगे ताकि मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर कैंप के दौरान जनसुनवाई के साथ-साथ विभागीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा होगी।
प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संकल्प को साकार करने के लिए यह व्यवस्था शुरू की जा रही है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को राहत मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के निराकरण और सरकारी कामकाज में तेजी आएगी।









