रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग ने रायगढ़ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर आयोग ने 30 अक्टूबर 2026 को अपनी सहमति दी। इस निर्णय के तहत जिले में 9 नए मतदान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि 13 मतदान केंद्रों के स्थल बदले गए हैं। इसके अलावा कुछ मतदान केंद्रों के भवनों और नामों में भी जरूरी संशोधन किए गए हैं।
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को नजदीक, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थल उपलब्ध कराना है। इससे विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को मतदान में आसानी होगी।
लैलूंगा में 7 और धरमजयगढ़ में 2 नए केंद्र स्वीकृत
जिले में स्वीकृत 9 नए मतदान केंद्रों में से लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में 7 और धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 केंद्र शामिल हैं। लैलूंगा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की अधिक दूरी और मतदाताओं की अधिक संख्या को देखते हुए कोन्दाटिकरा, गोढ़ी, केंकराझरिया, बरडीह, बांधापाली, टांगरघाट और पाली में नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शाहपुर से तराईमार की करीब 5 किलोमीटर की दूरी को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक शाला तराईमार में नया मतदान केंद्र स्वीकृत किया गया है। वहीं बैहामुड़ा से आश्रित गांवों की दूरी कम करने के मकसद से पंडरीपानी में नया मतदान केंद्र बनाया गया है।
रायगढ़ शहर के 13 मतदान केंद्रों के बदले स्थल
रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13 मतदान केंद्रों के स्थलों में बदलाव किया गया है। इनमें से 8 मतदान केंद्रों के पुराने भवन ध्वस्त होने के कारण उन्हें नजदीकी शासकीय स्कूलों और अन्य भवनों में स्थानांतरित किया गया है। ये केंद्र रामभांठा, मिठुमुड़ा, संत विनोबा नगर, सराईभद्दर और कबीर चौक क्षेत्र के हैं।
इसके अलावा 4 मतदान केंद्रों को पूर्व में मतदान केंद्र रहे सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट विद्यालय में फिर से स्थापित किया गया है, जबकि एक केंद्र को सुविधा और निकटता को देखते हुए राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया गया है।
जर्जर भवनों से सुरक्षित परिसरों में स्थानांतरण
लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के खेड़आमा, टटकेला और लमडांड स्थित मतदान केंद्रों के भवन अत्यधिक जर्जर हो चुके थे। इन्हें नजदीकी माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र और उच्चतर माध्यमिक शाला जैसे सुरक्षित भवनों में शिफ्ट किया गया है।
रायगढ़ शहर के 4 मतदान केंद्रों के नाम भी अद्यतन किए गए हैं। उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का नाम बदलकर क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला होने और अनाथालय प्राथमिक शाला का नाम दुर्गा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला होने के कारण यह संशोधन हुआ है। वहीं धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 4 अनुभागों के पुनर्गठन से मतदाताओं की दूरी लगभग 6 किलोमीटर से घटकर 3 किलोमीटर रह जाएगी। मतदान केंद्र क्रमांक 231 तरेकेला के एक अनुभाग का नाम कुड़ेकेला चोकपारा से बदलकर तरेकेला चोकपारा किया गया है।









