रायगढ़। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में पटाखा दुकानों की नियमित जांच की जाएगी और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुकानों का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, जिससे त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पेट्रोल पंपों पर शौचालय बंद रहने की शिकायतों पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने खाद्य अधिकारी को पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने का जिम्मा सौंपा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए पेट्रोल पंपों पर स्वच्छ और सर्वसुलभ शौचालय अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए। इसके साथ ही नगरीय निकायों के तहत व्यावसायिक परिसरों में भी नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए।

लंबित शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर जोर
सीएम हेल्पलाइन और जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा के भीतर उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारियों को संबंधित पोर्टल का नियमित अवलोकन करने और शिकायतों के निपटारे में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।

जनकल्याणकारी योजनाएं और बजट प्रस्ताव
भूमि पट्टा वितरण की प्रगति जांचते हुए कलेक्टर ने नियमों के तहत पात्रता का परीक्षण करने और वास्तविक जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और शिक्षा ऋण योजना की समीक्षा भी की गई, जिसमें पात्र हितग्राहियों को तय समय में लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश मिले। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए विभागीय बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया है।
‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थाओं में मुनगा पौधों के रोपण की कार्ययोजना बनाने और उनके संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।









