रायगढ़। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने चक्रधरनगर और छाल थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने जुआ फड़ों से कुल 48,800 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 8 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
पडरीपानी में खुले मैदान में चल रहा था जुआ, दो गिरफ्तार
चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों से काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते भाग निकले, जबकि दो लोगों को मौके से पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों में चिरजीवीदास नगर निवासी प्रवीण कुमार निषाद (37) और पडरीपानी पूर्व निवासी अजय कुमार कुसराम (43) शामिल हैं। इनके पास से और फड़ से 24,800 रुपये नकद, ताश के पत्ते और एक प्लास्टिक चटाई बरामद की गई। चक्रधरनगर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
छाल क्षेत्र में दो अलग-अलग फड़ों पर दबिश, 9 जुआरी पकड़े गए
छाल थाना पुलिस को ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में बिजली की रोशनी में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की जानकारी मिली थी। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर दो फड़ों पर एक साथ छापा मारा।
पहले फड़ से मुकेश कुमार साहू (38), दुरबिन लाल यादव (42), सुरेन्द्र कुमार नायक (52), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44) और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकूर (36) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 12,450 रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं, दूसरे फड़ से पंचम सिंह गोंड (39), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35), दीपक पटेल (22) और ललेश चन्द्रा (33) को पकड़ा गया, जिनके पास से 11,550 रुपये नकद और 4 मोबाइल जब्त किए गए। छाल पुलिस ने कुल 9 आरोपियों से 24,000 रुपये नकद और 8 मोबाइल फोन बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी ने दी अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।









