रायगढ़। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने खरसिया और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में दो बड़े जुआ फड़ों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों ठिकानों से कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 9,00,500 रुपये नगद बरामद किए। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राहुल उइके व ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ के ग्राम तारापुर में बड़े पैमाने पर जुआ संचालित हो रहा है, जिसके बाद दोनों स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
रानीसागर की पुरानी फैक्ट्री में चल रहा था दांव, 19 गिरफ्तार
पहली कार्रवाई थाना खरसिया क्षेत्र के रानीसागर में की गई। यहां पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के लोग दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर 19 जुआरियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 6,07,400 रुपये नगद, दो गड्डी ताश और बिछाने के लिए प्रयुक्त प्लास्टिक बोरी जब्त की।

तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में जुआ, 10 आरोपी पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में की गई। यहां एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार के किनारे मोमबत्ती जलाकर ताश के पत्तों से काट पत्ती नामक जुआ खेला जा रहा था। सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह की टीम ने जब वहां दबिश दी, तो कुछ जुआरी भाग निकले, जबकि 10 जुआरियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने इस फड़ से 2,93,100 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश की गड्डी गवाहों के समक्ष जब्त की।

अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।









